देवरिया में शराब भट्टी के पास युवक ने लगाई फांसी, इलाके में सनसनी
भागलपुर के देवरिया में एक युवक ने शराब भट्टी के पास फांसी लगाकर आत्महत्या की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भागलपुर के मेल थाना क्षेत्र के देवरिया इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शनिवार की सुबह एक युवक ने शराब भट्टी के पास फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और सन्नाटे का माहौल है। मृतक की पहचान बलिया दक्षिण निवासी जितेंद्र राजभर के रूप में हुई है, जो विजय शंकर राजभर का पुत्र था।
मिली जानकारी के मुताबिक, जितेंद्र शनिवार सुबह करीब 8 बजे तक अपने घर पर ही था, जिसके बाद वह भागलपुर की ओर निकला। सुबह 9 से 10 बजे के बीच भागलपुर पिंडी रोड पर स्थित एक शराब भट्टी के पास उसका शव लटका हुआ पाया गया। स्थानीय लोगों ने जैसे ही इस घटना को देखा, तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
सूचना मिलते ही मेल थाना के एसएचओ विकास नाथ और भागलपुर आउटपोस्ट प्रभारी अजय कुमार राय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी सबूत इकट्ठा किए हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल जितेंद्र ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।