भागलपुर में विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद होने की संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। भागलपुर से नवगछिया के बीच यात्रा करने वाले हजारों लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासनिक कवायद तेज कर दी गई है। बुधवार को जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव और नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विभिन्न गंगा घाटों और वैकल्पिक संपर्क मार्गों का विस्तृत स्थल निरीक्षण किया।
अधिकारियों की टीम ने उन सभी संभावित घाटों का दौरा किया जहाँ से नावों या अन्य माध्यमों से परिचालन किया जा सकता है।
इसके साथ ही सेतु के समानांतर या अन्य वैकल्पिक सड़क मार्गों की स्थिति को भी देखा गया, ताकि मुख्य पुल पर दबाव बढ़ने या परिचालन रुकने की स्थिति में ट्रैफिक को तुरंत डायवर्ट किया जा सके। डीएम अलंकृता पांडेय और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों को कड़ी हिदायत दी।
घाटों पर यात्रियों के बैठने, रोशनी, पेयजल और सुचारू यातायात प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था करने को कहा गया। नदी मार्ग से यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने, पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती करने और लाइफ जैकेट जैसी आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि आवागमन के दौरान आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि समस्या या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल संज्ञान लिया जाए और त्वरित कार्रवाई की जाए।