पूर्व कुलपति डॉ राम आश्रय यादव का पटना में निधन, शिक्षा जगत में शोक की लहर
तिलका मांझी भागलपुर यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति और BPSC के पूर्व अध्यक्ष डॉ राम आश्रय यादव का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

तिलका मांझी भागलपुर यूनिवर्सिटी (TMBU) के पूर्व कुलपति डॉ राम आश्रय यादव अब हमारे बीच नहीं रहे। 7 नवंबर को पटना के शिवपुरी स्थित अपने आवास पर 92 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली। डॉ राम आश्रय यादव न केवल यूनिवर्सिटी के 43वें कुलपति रहे, बल्कि उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दी थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही शिक्षा जगत और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
भोजपुर के शाहपुर महुआर के मूल निवासी डॉ यादव का अंतिम संस्कार पटना में ही संपन्न हुआ। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। उनके कार्यकाल की यादें आज भी यूनिवर्सिटी के गलियारों में ताजा हैं।
अनुशासन और सख्ती के लिए जाने जाते थे डॉ यादव
वर्ष 2001 से 2003 तक TMBU के कुलपति रहे डॉ राम आश्रय यादव अपने सख्त मिजाज और अनुशासन के लिए मशहूर थे। उन्होंने छात्रों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य किया और यूनिवर्सिटी की जमीन पर हुए अवैध कब्जों को हटवाकर कैंपस की बाउंड्री वॉल का निर्माण करवाया। उनके साथ काम कर चुके प्रोफेसर योगेंद्र ने एक किस्सा साझा करते हुए बताया कि जब डॉ यादव पहली बार टीएनबी कॉलेज पहुंचे थे, तो कैंपस में मवेशियों को देखकर वे काफी नाराज हुए थे। उन्होंने प्रिंसिपल को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा था कि अगर कैंपस से जानवरों को नहीं हटाया जा सकता, तो संस्थान का प्रबंधन कैसे होगा।
डॉ यादव की बेबाकी उनके हर अंदाज में दिखती थी। साल 2017 में जब वे ग्रामीण अर्थशास्त्र और सहकारी प्रबंधन विभाग के स्थापना दिवस पर भागलपुर आए थे, तब उन्होंने तत्कालीन कुलपति प्रोफेसर एन.के. झा को चेतावनी देते हुए कहा था, "झा जी, यहां बहुत ठग हैं, सावधान रहिएगा।"
उनके निधन पर डॉ राम प्रवेश सिंह, प्रोफेसर योगेंद्र, डॉ ज्योतिंद्र चौधरी, गेस्ट फैकल्टी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ आनंद आजाद, गौतम बनर्जी और कांग्रेस नेता विपिन बिहारी यादव समेत कई दिग्गजों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें एक ईमानदार और कड़क प्रशासक के रूप में याद कर रहे हैं।