किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड की चिलहनियां पंचायत स्थित सुहिया हाट सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में गुरुवार को मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान भारी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ भाग लिया। माता को विदाई देते समय कई भक्त भावुक हो गए। श्रद्धालुओं ने शांति, समृद्धि और सुख की कामना करते हुए अगले साल फिर से आने की प्रार्थना की।
विसर्जन जुलूस सुहिया हाट सार्वजनिक दुर्गा मंदिर परिसर से शुरू हुआ। यह जुलूस सुहिया हाट, आमबारी, रहमतपुर, सुहिया गांव और शिव मंदिर चौक से होते हुए रितुआ नदी की ओर बढ़ा। इस दौरान
श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के जयकारे लगाए, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया और रास्ते में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
पूजा समिति के सदस्यों और ग्रामीणों के सहयोग से विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। ग्रामीण पुलिस पदाधिकारी प्रेम कुमार ने इस दौरान विशेष सहायता प्रदान की। कार्यक्रम को सफल बनाने में दुर्गा मंदिर पूजा समिति के अध्यक्ष तरुण कुमार साह, रंजीत कुमार साह, सुनील कुमार साह, अजय कुमार साह, अरविंद कुमार यादव, विजय कुमार साह, वीरेंद्र यादव, पैक्स अध्यक्ष विनोद कुमार यादव, मनोज कुमार मंडल, अरुण कुमार सिंह, भोला साह और अरुण कुमार शाह समेत दर्जनों समिति के सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई।
विसर्जन समाप्त होने के बाद पूजा समिति की तरफ से उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे भक्तों ने गहरी आस्था के साथ ग्रहण किया। यह कार्यक्रम सामूहिक सहभागिता और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हुआ और सभी ने अगले साल के जश्न का इंतजार करना शुरू कर दिया है।