भागलपुर में बड़ा हादसा! खेत में पटवन के दौरान करंट लगने से किसान की दर्दनाक मौत

भागलपुर के शंभूगंज थाना क्षेत्र के पदरिया पंचायत स्थित पदररिया गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। धान के खेत में पटवन कर रहे 45 वर्षीय किसान दिवाकर मंडल की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना शाम करीब 5:00 बजे की है।
- शंभूगंज थाना क्षेत्र के पदरिया गांव की घटना
- धान के खेत में पटवन के दौरान हुआ हादसा
- मृतक की पत्नी हैं आशा कार्यकर्ता
कैसे हुआ हादसा
अनूपी मंडल के पुत्र दिवाकर मंडल खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान वे खुले हुए बिजली के लाइव तार के संपर्क में आ गए। करंट लगने से वे बेहोश हो गए। आसपास के किसानों ने यह घटना देखी और तुरंत उनके परिवार वालों को इसकी सूचना दी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक की पत्नी करुणा देवी शंभूगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आशा कार्यकर्ता के रूप में काम करती हैं। उनके दो बेटे अंकित कुमार (21) और ऋषभ कुमार (18) दोनों इंटरमीडिएट के छात्र हैं। इस घटना के बाद से परिवार सदमे में है। परिवार ने बताया कि दिवाकर मंडल अरुण कुमार नामक ग्रामीण की जमीन पर खेती करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। शंभूगंज थाना अध्यक्ष मोहम्मद आसिफ अख्तर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यू/डी (अस्वाभाविक मौत) का मामला दर्ज कर लिया गया है और चल रही जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।