खुशखबरी: भागलपुर के रास्ते चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन और मेमू का विस्तार

दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के त्योहारों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने मालदा टाउन और हरिद्वार के बीच एक नई साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इसके साथ ही देवघर-राघोपुर मेमू स्पेशल ट्रेन की सेवा को भी 30 नवंबर 2026 तक बढ़ा दिया गया है।
पूर्व रेलवे कोलकाता के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) शिवराम मांझी के अनुसार मालदा टाउन-हरिद्वार पूजा स्पेशल (ट्रेन संख्या 03437/03438) कुल सात फेरे लगाएगी। ट्रेन संख्या 03437 मालदा टाउन से 17 अक्टूबर 2026 से 28 नवंबर 2026 तक हर शनिवार को सुबह 10:00 बजे खुलेगी और अगले दिन शाम 5:00 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 03438 हरिद्वार से 18 अक्टूबर 2026 से 29 नवंबर 2026 तक हर रविवार को शाम 6:45 बजे खुलकर अगले दिन रात 11:55 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
यह ट्रेन न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज (अजगैबीनाथ धाम), जमालपुर और अभयपुर जैसे मुख्य स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में साधारण द्वितीय श्रेणी, शयनयान श्रेणी और वातानुकूलित कोच की सुविधा मिलेगी। इसकी बुकिंग की जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी।
देवघर-राघोपुर मेमू स्पेशल का विस्तार
त्योहारों की मांग को प्रबंधित करने के लिए देवघर-राघोपुर-देवघर मेमू स्पेशल (ट्रेन संख्या 05573/05574) के संचालन को भी बढ़ा दिया गया है। यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन चलेगी और इस अवधि में 61 फेरे पूरे करेगी। यह सेवा अपने वर्तमान समय, निर्धारित मार्ग और ठहराव के अनुसार ही चलती रहेगी। सितंबर 2026 के महीने के लिए दी गई पिछली परिचालन अवधि के विस्तार के बाद यह नया विस्तार किया गया है, जिसके दौरान इस ट्रेन ने 30 फेरे पूरे किए थे।