भागलपुर में गंगा और चंपा नदी का पानी बढ़ने से बाढ़ का बड़ा संकट

MyBhagalpur Team6 September 20261 min read24 viewsCity Local
भागलपुर में गंगा और चंपा नदी का पानी बढ़ने से बाढ़ का बड़ा संकट

भागलपुर में गंगा और चंपा नदी का पानी लगातार बढ़ रहा है जिससे शहर के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। पानी रिहायशी इलाकों और मुख्य सड़कों पर भर गया है जिससे लोगों का रोजमर्रा का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

साहेबगंज में नील कोठी रोड पूरी तरह डूब चुकी है और सड़क पर दो फीट से ज्यादा पानी बह रहा है जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। कई लोग अपने घरों में फंस गए हैं क्योंकि पानी उनके रहने की जगहों में घुस गया है। यूनिवर्सिटी में तिलहा कोठी जाने वाली सड़क और भूतनाथ रोड पर भी भारी जलभराव देखा गया है जिससे आने-जाने वालों को बहुत परेशानी हो रही है।

ग्रामीण इलाके भी इससे अछूते नहीं हैं। मोहनपुर और लालूचक गांव चारों तरफ से बाढ़ के पानी से घिर चुके हैं। मुख्य रास्ते डूबने के कारण लोगों को राशन लाने और मरीजों को अस्पताल ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दीपनगर में कांग्रेस भवन के पास निचले इलाके के कई घरों में पानी घुस जाने से लोग डरे हुए हैं। इसके अलावा मणिक सरकार घाट के पास की सड़क भी डूब गई है जिससे आना-जाना बहुत मुश्किल हो गया है।

आदमपुर बैंक कॉलोनी की मुख्य सड़कों और गलियों में घुटना से लेकर कमर तक पानी भर गया है जिससे भूतल पर रहने वाले लोगों को ऊपर की मंजिलों पर शरण लेनी पड़ रही है। नया बाजार और गोलाघाट इलाकों में भी ऐसे ही हालात हैं। स्थानीय लोगों ने तेजी से बढ़ते जलस्तर पर चिंता जताई है और कहा है कि अभी तक प्रशासनिक मदद उन तक नहीं पहुंची है।

स्वास्थ्य शाखा प्रभारी आदित्य जायसवाल ने बताया कि नगर निगम की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में साफ-सफाई, फॉगिंग और पीने के पानी के टैंकर मुहैया कराए जा रहे हैं।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment