गंगा जलमार्ग से शराब तस्करी का भंडाफोड़, 948 बोतल विदेशी शराब जब्त, तीन गिरफ्तार

भागलपुर पुलिस ने गंगा नदी के रास्ते तस्करी कर लाई गई 948 बोतल विदेशी शराब जब्त की और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया।

Puja Singh23 November 20262 min read0 viewsCity Local
गंगा जलमार्ग से शराब तस्करी का भंडाफोड़, 948 बोतल विदेशी शराब जब्त, तीन गिरफ्तार

सड़कों पर पुलिस की सख्त निगरानी और नाकाबंदी से बचने के लिए शराब तस्करों ने अब गंगा नदी का रास्ता अपनाना शुरू कर दिया है। भागलपुर की सबौर थाना पुलिस ने सोमवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई करते हुए इस नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इंग्लिश गांव के काली स्थान के पास गंगा किनारे छापेमारी कर पुलिस ने नाव के जरिए उतारी गई 948 बोतल विदेशी शराब बरामद की है।

यह पूरी कार्रवाई भोर के करीब चार बजे की गई, जब तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर शराब की खेप उतार रहे थे। पुलिस टीम ने जैसे ही इलाके की घेराबंदी की, मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पकड़े जाने के डर से कुछ तस्करों ने अपने हथियार गंगा नदी में फेंक दिए, जबकि नाव चालक अंधेरे का लाभ उठाकर नाव सहित नदी के रास्ते फरार होने में कामयाब रहा।

पेशेवर तस्करों का नेटवर्क और पुलिस की जांच

पुलिस ने मौके से तीन पेशेवर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान इंग्लिश गांव निवासी सुमीत कुमार, सुनील कुमार और मनोज कुमार के रूप में हुई है। इनके अलावा एक नाबालिग को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने इनके पास से चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कॉल डिटेल खंगाली जा रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ा जा सके।

सबौर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि ये आरोपित पेशेवर शराब धंधेबाज हैं। ये लोग गंगा के उस पार से नाव के जरिए शराब मंगाते थे और इंग्लिश गांव के किनारे उतारकर स्थानीय स्तर पर इसकी सप्लाई करते थे। फिलहाल पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में बेचा जाना था। फरार नाव चालक और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment