भागलपुर में सावन के अंतिम सोमवार को शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। सनातन धर्म में इस दिन की पूजा का विशेष महत्व है।
- सावन के अंतिम सोमवार को पूजा करने से पूरे महीने की शिव आराधना का फल मिलता है।
- व्रत और पूजन से मानसिक शांति और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।
- श्रद्धालुओं ने पंचामृत से अभिषेक कर बेलपत्र अर्पित किए।
भागलपुर के प्रसिद्ध श्री श्री 108 गोनू बाबा धाम मंदिर में श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की चौथी सोमवारी पर भव्य आयोजन किया गया। मंदिर में बाबा की सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद अपराह्न 3:00 बजे से डाक बम और आम श्रद्धालुओं के द्वारा बाबा का जलाभिषेक शुरू हो गया।
बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए स्थानीय लोगों के अलावा बिहार, झारखंड और बंगाल सहित कई अन्य राज्यों व क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
भक्तों ने बाबा का पंचामृत से अभिषेक और विशेष पूजा-पाठ संपन्न किया। मंदिर प्रांगण पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में शीश नवाकर अपनी-अपनी मन्नतें मांगीं। धाम के पंडित सोनू झा उर्फ सिंगारी बाबा और सकल ग्रामवासियों के सहयोग से सभी पूजा अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं।
मंदिर प्रबंधन ने बताया कि संध्याकाल में बाबा का भव्य महा रुद्राभिषेक और श्रृंगार पूजन किया जाएगा।
इसके बाद महाआरती होगी और उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों और बाबा के भक्तों का सराहनीय योगदान रहा।