रेलवे की बड़ी सौगात! भागलपुर के रास्ते चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन

त्योहारों में घर जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। पूर्व रेलवे ने दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर यात्रियों की भीड़ को कम करने के लिए मालदा टाउन और हरिद्वार के बीच एक नई साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। इसके साथ ही, देवघर-राघोपुर मेमू स्पेशल ट्रेन की सेवा को भी 30 नवंबर 2026 तक बढ़ा दिया गया है।
पूर्व रेलवे कोलकाता के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) शिवराम मांझी के अनुसार, मालदा टाउन-हरिद्वार पूजा स्पेशल (गाड़ी संख्या 03437/03438) सात फेरे लगाएगी। गाड़ी संख्या 03437 मालदा टाउन से 17 अक्टूबर 2026 से 28 नवंबर 2026 तक हर शनिवार को सुबह 10:00 बजे खुलेगी और अगले दिन शाम 5:00 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 03438 हरिद्वार से 18 अक्टूबर 2026 से 29 नवंबर 2026 तक हर रविवार को शाम 6:45 बजे चलकर अगले दिन रात 11:55 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी।