जमुई: जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, एक ही परिवार के 7 सदस्य लहूलुहान

जमुई के मानपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, तलवार और रॉड से हमला कर परिवार के 7 सदस्यों को किया घायल।

Banibrata Chakraborty7 November 20262 min read0 viewsSad/Bad
जमुई: जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, एक ही परिवार के 7 सदस्य लहूलुहान

बिहार के जमुई जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मानपुर गांव में जमीन के एक टुकड़े के लिए विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने एक ही परिवार के सात सदस्यों पर जानलेवा हमला कर दिया। शनिवार सुबह करीब 9 बजे हुए इस हमले में तलवारों, लोहे की रॉड और पिस्तौल के बट का इस्तेमाल किया गया, जिससे पूरा परिवार लहूलुहान हो गया।

इस हिंसक हमले में अवधेश यादव के साथ उनकी बेटी पूजा कुमारी, बेटी ज्योति कुमारी, बेटा बिट्टू कुमार, भाई छोटेलाल यादव, मां सुमा देवी और भाभी संजू देवी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में सभी घायलों को सिकंदरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दो सदस्यों की स्थिति अब भी बेहद नाजुक बनी हुई है।

पड़ोसियों पर जबरन जमीन कब्जाने का आरोप

पीड़ित अवधेश यादव का आरोप है कि पिछले एक साल से उनके पड़ोसियों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। अवधेश के मुताबिक, उन्होंने रास्ते के लिए जगह दे दी थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी उनकी निजी जमीन को जबरन कब्जाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि इससे पहले भी दो बार उन पर हमला हो चुका था और एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन आरोपियों के रसूख और पैसों के दम पर पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसका नतीजा आज इस बड़े हमले के रूप में सामने आया।

अवधेश ने इस हमले के लिए जुगेंद्र यादव, रंजन यादव, दीपक कुमार, नीतीश कुमार, रोशन कुमार, रतन कुमार, कुसुम देवी, रामस्वरूप यादव और मुकेश यादव समेत कई अज्ञात लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। फिलहाल स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के इलाज के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ औपचारिक एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment