सुड्डू साई बने प्रदेश सचिव और लक्ष्मीकांत मंडल राज्य कार्यकारिणी सदस्य, भागलपुर में जोरदार स्वागत
भागलपुर के सुड्डू साई और लक्ष्मीकांत मंडल को जदयू में मिली बड़ी जिम्मेदारी, जिला कार्यालय में हुआ भव्य स्वागत।

जनता दल (यूनाइटेड) ने संगठन विस्तार करते हुए भागलपुर के दो दिग्गज नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष सुड्डू साई को प्रदेश सचिव मनोनीत किया गया है, जबकि नाथनगर के पूर्व विधायक लक्ष्मीकांत मंडल को राज्य कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है। इस घोषणा के बाद भागलपुर के राजनीतिक गलियारों में खुशी की लहर है और पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए जदयू के जिला कार्यालय में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद अजय कुमार मंडल की मौजूदगी रही, जबकि पूरी व्यवस्था जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता के नेतृत्व में की गई। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया। उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर, पुष्पगुच्छ और मालाओं से सम्मानित किया गया।
संगठन को मिलेगी नई मजबूती: सांसद अजय कुमार मंडल
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि सुड्डू साई और लक्ष्मीकांत मंडल ने लंबे समय तक पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण साबित किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन दोनों नेताओं के अनुभव और नेतृत्व क्षमता से पार्टी संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी। वहीं, जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने इसे पूरे जदयू परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया और कहा कि दोनों नेता भागलपुर में पार्टी के मजबूत स्तंभ रहे हैं।
जिला प्रवक्ता शैलेन्द्र तोमर ने बताया कि इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। सम्मान समारोह में शेखर पांडे, कैलाश सिंह, आनंद यादव, शाबान खान, प्रिंस कुशवाहा, फैसल, रिंटू चंद्रवंशी, अनिरुद्ध मंडल, संजू तिवारी, ब्रजेश सिंह, अमित कुमार, अरुण मंडल, पंकज निराला, भिखारी पासवान, शमशेर, विकास कुमार और किशोर यादव सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और दोनों नेताओं को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।