JLNMCH भागलपुर: डिप्टी सुपरिंटेंडेंट की नियुक्ति पर विवाद, विभागाध्यक्षों ने खोला मोर्चा

भागलपुर के JLNMCH में विभागाध्यक्षों ने डिप्टी सुपरिंटेंडेंट की नियुक्ति और कार्यशैली पर उठाए सवाल, प्रिंसिपल को सौंपा पत्र।

Talat Praveen28 November 20262 min read0 viewsCity Local
JLNMCH भागलपुर: डिप्टी सुपरिंटेंडेंट की नियुक्ति पर विवाद, विभागाध्यक्षों ने खोला मोर्चा

भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (JLNMCH) में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर घमासान मच गया है। अस्पताल के कई विभागाध्यक्षों (HODs) ने अधीक्षक डॉ. एचपी दुबे और डिप्टी सुपरिंटेंडेंट डॉ. महेश कुमार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए विरोध शुरू कर दिया है। यह विवाद अब इस स्तर तक पहुंच गया है कि वरिष्ठ डॉक्टरों ने एकजुट होकर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संदीप लाल को एक सामूहिक पत्र सौंपा है।

विभागाध्यक्षों का मुख्य विरोध डिप्टी सुपरिंटेंडेंट की नियुक्ति और उनके अधिकार क्षेत्र को लेकर है। पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि डॉ. महेश कुमार संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) पर प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं और उनकी नियुक्ति केवल शैक्षणिक कार्यों के लिए की गई थी। वह मेडिकल एजुकेशन सर्विस कैडर के अधिकारी नहीं हैं, ऐसे में यह सवाल उठाया गया है कि उन्हें किस नियम या आदेश के तहत डिप्टी सुपरिंटेंडेंट का प्रभार सौंपा गया है।

अधिकारों के दुरुपयोग और नियमों के उल्लंघन का आरोप

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

विभागाध्यक्षों ने पत्र में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि डॉ. महेश कुमार अपनी मर्यादा लांघ रहे हैं। आरोप है कि वह वरिष्ठ और समकक्ष अधिकारियों की अटेंडेंस चेक कर रहे हैं और बिना किसी उच्चाधिकारी से परामर्श किए उन्हें अनुपस्थित (Absent) मार्क कर रहे हैं। डॉक्टरों ने इसे विभागीय नियमों का खुला उल्लंघन और चिकित्सा शिक्षा प्रणाली में अनावश्यक हस्तक्षेप करार दिया है।

विवाद को और गहरा करते हुए पत्र में यह भी जिक्र किया गया है कि जब अस्पताल में पहले से ही डॉ. सुरेश कुमार डिप्टी सुपरिंटेंडेंट के रूप में कार्यरत हैं और सरकार द्वारा हाल ही में डॉ. पंकज कुमार की नियुक्ति की गई है, तो फिर डॉ. महेश कुमार को यह अतिरिक्त जिम्मेदारी किस आधार पर दी गई?

इस पूरे मामले पर कार्रवाई की मांग की गई है। दूसरी ओर, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संदीप लाल ने बताया कि विभागाध्यक्षों का पत्र उन्हें मिल चुका है और फिलहाल इस पूरे मामले का अध्ययन किया जा रहा है।

Share:

Comments

Leave a comment