छात्र की मौत पर फूटा जूनियर डॉक्टरों का गुस्सा, जेएलएनएमसीएच में ओपीडी सेवा ठप
एमबीबीएस छात्र रूपेश सोनी की मौत के बाद जेएलएनएमसीएच में जूनियर डॉक्टरों का प्रदर्शन, ओपीडी बंद होने से मरीज परेशान।

भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (JLNMCH) में एमबीबीएस छात्र रूपेश सोनी की सड़क हादसे में हुई मौत के बाद तनाव चरम पर पहुंच गया है। मंगलवार को कैंपस में जूनियर डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा, जिसके चलते अस्पताल की ओपीडी सेवा पूरी तरह ठप हो गई। आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और धरने पर बैठ गए।
दरअसल, यह पूरा विवाद 5 नवंबर की रात को शुरू हुआ था, जब तृतीय वर्ष के छात्र रूपेश सोनी अपनी स्कूटी से जा रहे थे। कटहलबाड़ी के पास एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी। गंभीर हालत में रूपेश को पटना ले जाया गया, लेकिन 6 नवंबर को इलाज के दौरान उनकी जान चली गई।
दोषियों की गिरफ्तारी और निष्कासन की मांग
प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि जिस कार ने टक्कर मारी, उसमें जेएलएनएमसीएच के ही पांच पीजी डॉक्टर सवार थे और चालक नशे की हालत में था। सबसे गंभीर आरोप यह है कि हादसे के बाद सीनियर डॉक्टरों ने घायल रूपेश की मदद करने के बजाय उन्हें सड़क किनारे छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।
छात्रों का कहना है कि प्रशासन ने 48 घंटे का समय मांगा था और नई प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जूनियर डॉक्टरों ने साफ कर दिया है कि वे अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे। उनकी मांग है कि कार में सवार सभी पांचों दोषियों को गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कॉलेज से निष्कासित किया जाए।
इस मामले में अब तक की कार्रवाई की बात करें तो पुलिस ने रेडियोलॉजी विभाग के पीजी छात्र डॉ. गौरव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, कार में सवार अन्य चार पीजी डॉक्टरों—डॉ. चंद्रमोहन कुमार, डॉ. कुमारी रुचि, डॉ. कुमारी आकांक्षा और डॉ. शिवानी कुमारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
तनाव को देखते हुए मेडिकल कॉलेज को 23 नवंबर तक बंद कर दिया गया है, हालांकि हॉस्टल खुले रखे गए हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी ने मृतक रूपेश सोनी के पिता को बातचीत के लिए बुलाया है। इस हंगामे और ओपीडी बंद होने की वजह से भागलपुर और आसपास के जिलों से आए सैकड़ों मरीज बिना इलाज के ही वापस लौटने को मजबूर हो गए।