सदर अस्पताल में धूमधाम से मनी जेपी जयंती, स्वास्थ्य व्यवस्था पर चेतावनी

भागलपुर में सदर अस्पताल परिसर स्थित जेपी स्मारक स्थल पर रविवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस कार्यक्रम से जुड़ी मुख्य बातें इस प्रकार हैं:
* गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र, संपूर्ण क्रांति आंदोलनकारी मंच और जेपी स्मारक समिति का संयुक्त आयोजन
* केंद्र के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र गुप्ता ने की अध्यक्षता
* सर्व धर्म प्रार्थना, माल्यार्पण, पुष्पांजलि और विचार गोष्ठी का आयोजन
जयप्रकाश नारायण के विचार और योगदान
गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र भागलपुर, संपूर्ण क्रांति आंदोलनकारी मंच और जेपी स्मारक समिति के संयुक्त तत्वाधान में रविवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन सदर अस्पताल परिसर स्थित जेपी स्मारक स्थल पर किया गया, जिसकी अध्यक्षता केंद्र के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र गुप्ता ने की।
इस अवसर पर सर्व धर्म प्रार्थना, माल्यार्पण और पुष्पांजलि के बाद जेपी के विचारों पर आधारित संवाद और परिचर्चा का आयोजन हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारतीय राजनीति और स्वतंत्रता संग्राम में जेपी एक ऐसे महानायक हैं, जिन्होंने सत्ता की परवाह किए बिना हमेशा लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा की।
1970 के दशक में जब देश में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई और कुशिक्षा चरम पर थी, तब उन्होंने छात्र आंदोलन को नेतृत्व देकर देश को नई दिशा दी। उनका 1974 का आंदोलन केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई थी, जिसे उन्होंने ‘संपूर्ण क्रांति’ का नाम दिया था। उनका ऐतिहासिक नारा था “सिंहासन खाली करो की जनता आती है।“
वक्ताओं ने कहा कि अमेरिका से पढ़ाई कर लौटने के बाद भी जेपी ने कभी पद या कुर्सी स्वीकार नहीं की और हमेशा पीड़ित मानवता की सेवा को प्राथमिकता दी। उनके जन्मदिन को ‘लोकतंत्र बचाओ दिवस’ के रूप में मनाना ही आज के दिन की असली सार्थकता है।
अस्पताल प्रशासन को चेतावनी
वक्ताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो जेपी आंदोलनकारी और आम नागरिक व्यवस्था परिवर्तन के लिए अस्पताल प्रशासन के विरुद्ध धरना-प्रदर्शन और सत्याग्रह करने को बाध्य होंगे।