कहलगांव: लाइफ लाइन कुआ पुल बंद होने से बढ़ी मुसीबत, ट्रैफिक के लिए पुलिस तैनात

कहलगांव नगर से सटे एनएच-80 पर स्थित जरंग कुआ पुल के बंद होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह पुल कहलगांव की लाइफ लाइन माना जाता है क्योंकि यह मुख्यालय को जोड़ता है। फिलहाल पुल पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद है, जिससे बाजार, व्यापार और परिवहन व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। छोटे वाहन अब एनपीसीसी के डाक रोड या नदालपुर फोरलेन के जरिए आवाजाही कर रहे हैं।
पुल की हालत को लेकर विशेषज्ञों की टीम जांच कर चुकी है, लेकिन अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि पुल की मरम्मत होगी या इसे नया बनाया जाएगा। इस बीच, जाम की समस्या से निपटने के लिए एसडीपीओ-टू स्नहे सेतु ने पुलिस बलों की तैनाती की है। साथ ही, एनएचएआई (NHAI) के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि फोरलेन सड़क पर घोघा और नदालपुर के बीच तथा एमओआर रेल लाइन के पास जो हिस्से कच्चे हैं, उन्हें 10 दिनों के भीतर मेटल डालकर चलने लायक बनाया जाए ताकि लोगों को लंबी दूरी का चक्कर न लगाना पड़े।
स्थानीय विधायक शुभानंद मुकेश ने मंगलवार को पुल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और लोगों की समस्याएं सुनीं। विधायक ने बताया कि उन्होंने कुआ पुल, भवानी पुल, गेरुआ पुल और शंकरपुर पुल के संबंध में विभाग और मंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ टीम ने मुआवजे और स्थिति की जांच पूरी कर ली है और जल्द से जल्द पुल पर परिचालन शुरू कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।