भागलपुर में काली महारानी युवा महासमिति की नई कमेटी गठित, रवि कुमार बने अध्यक्ष

भागलपुर के लाल कोठी स्थित श्री जैन श्वेतांबर मंदिर में रविवार को काली महारानी महानगर केंद्रीय युवा महासमिति की आमसभा हुई। इस बैठक में समिति के पदाधिकारी, सदस्य और शहरभर की विभिन्न काली पूजा समितियों के अध्यक्ष व मेढ़पति शामिल हुए। बैठक में काली पूजा से जुड़े जरूरी मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुरानी कमेटी को भंग कर दिया गया और चुनाव प्रेक्षकों, संरक्षकों व पूजा समितियों के प्रतिनिधियों की लिखित सहमति से नई कमेटी बनाई गई।
इस बैठक में इंजीनियर रवि कुमार को अध्यक्ष, धनंजय यादव को महामंत्री और गौरव जैन को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा कार्यकारी कमेटी ने अमित ट्विंकल और राजकमल जायसवाल को कार्यकारी अध्यक्ष, अनुज वर्मा को संयोजक, मुकेश हरि को संगठन मंत्री और दीपक बाजोरिया को मीडिया प्रभारी बनाया है। वहीं, नई महिला विंग में अनामिका शर्मा को अध्यक्ष, जबकि ज्योति देवी और कोमल को उपाध्यक्ष बनाया गया है।
पूजा समितियों की समस्याओं पर चर्चा
सभा के दौरान विभिन्न पूजा समितियों ने त्योहार के दौरान आने वाली परेशानियों को रखा, जिन पर गहराई से चर्चा हुई। महासमिति ने ऐलान किया कि वह काली पूजा शुरू होने से पहले जिला प्रशासन के साथ तालमेल बिठाकर इन समस्याओं का समाधान निकालेगी। इस बैठक में मुख्य संरक्षक विश्वेश आर्य, संजय सिन्हा, विशाल आनंद, भावेश यादव, डॉ. सतीश कुमार, अनिल पासवान, कुणाल सिंह, देवाशीष बनर्जी, गौतम सरकार, अमरकांत मंडल, मतवाला यादव, अमर यादव, मृत्युंजय सिन्हा और शुभम शाह जैसे कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।