भागलपुर के कसबा में तेज रफ्तार कार घर में घुसी, बच्चों समेत 6 लोग घायल

भागलपुर के कसबा में एक तेज रफ्तार कार घर की दीवार तोड़कर अंदर घुस गई, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत छह लोग घायल हो गए हैं।

Puja Singh9 November 20261 min read0 viewsCity Local
भागलपुर के कसबा में तेज रफ्तार कार घर में घुसी, बच्चों समेत 6 लोग घायल

भागलपुर के कसबा नगर परिषद इलाके में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां एक अनियंत्रित कार सीधे एक घर में जा घुसी। इस हादसे में दो महिलाओं और दो बच्चों समेत कुल छह लोग घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर खड़ी एक दूसरी गाड़ी से टकराई और अंत में एक पेड़ से जा लगी।

घटना सोमवार सुबह करीब 7 बजे की है, जब वार्ड नंबर 7 स्थित गढ़बनाइली हाई स्कूल के पास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि कार (नंबर BR 11 BL 2121) NH 27 पर कसबा की दिशा से काफी तेज रफ्तार में आ रही थी। चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क से उतरकर सीधे घर के बरामदे में जा घुसी, जहां कुछ लोग बैठे हुए थे।

घायलों की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को कसबा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। हालांकि, चोटें गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायलों में सुनीता देवी (55), आर्यन कुमार (4), गुलशन कुमार और राहुल कुमार की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं, लाडली कुमारी (2) और अनोखी देवी (24) की स्थिति स्थिर है।

सूचना मिलते ही कसबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment