कटिहार में 200 बोरी अवैध यूरिया के साथ तस्कर गिरफ्तार

कटिहार के कुर्सेला थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध यूरिया की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक ट्रैक्टर से 200 बोरी अवैध यूरिया बरामद किया और भागलपुर के एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
कुर्सेला थानाध्यक्ष को मिली थी गुप्त सूचना
कुर्सेला थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि नवगछिया की ओर से ट्रैक्टर पर अवैध यूरिया लादकर पीडब्ल्यूडी मैदान के रास्ते कुर्सेला लाया जा रहा है। पुलिस ने पीडब्ल्यूडी मैदान के पास वाहन जांच शुरू की।
भागने की कोशिश कर रहा था चालक
जांच के दौरान पुलिस को देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन भगाने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान चमक लाल शर्मा, निवासी ढोलबज्जा, जिला भागलपुर के रूप में हुई।
यूरिया और ट्रैक्टर जब्त
ट्रैक्टर की तलाशी में 200 बोरा अवैध यूरिया मिला। पुलिस ने उर्वरक और ट्रैक्टर जब्त कर लिया है तथा गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।