कटिहार: NH-31 पर रफ्तार का कहर, मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड रेलकर्मी की मौत
कटिहार के NH-31 पर एक अज्ञात वाहन ने रिटायर्ड रेल कर्मचारी को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बिहार के कटिहार जिले में नेशनल हाईवे 31 (NH-31) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। शनिवार सुबह एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने 75 वर्षीय रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब बुजुर्ग अपनी नियमित मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान मजदिया रोड स्थित कब्रिस्तान क्षेत्र के निवासी हरदेव यादव के रूप में हुई है। शनिवार सुबह करीब 5 बजे जब वह मॉर्निंग वॉक पर थे, तभी एक अज्ञात वाहन जो समेली की दिशा से आ रहा था, ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरदेव यादव सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, पुलिस जांच जारी
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की।
थाना प्रभारी राकेश कुमार ने मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन व उसके चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, स्थानीय निवासियों ने NH-31 पर वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार पर गहरा रोष व्यक्त किया है और प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।