खगड़िया के चौथम अंचल के देवका गांव में रामजानकी ठाकुरबाड़ी की जमीन भूमाफिया को देने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों और ठाकुरबाड़ी के संरक्षकों ने इसका कड़ा विरोध किया है। विवाद ठाकुरबाड़ी के खतियान में दर्ज एक एकड़ 20 डिसमिल जमीन को लेकर है। इस मामले में ग्रामीणों ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अन्य बड़े अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है।
बिंदेश्वरी दास की अगुवाई में ग्रामीणों ने शिकायत पत्र सौंपा है जिसपर कई लोगों के हस्ताक्षर हैं। शिकायत में बताया गया है कि साल 2018 से 2021-2022 के बीच तत्कालीन अंचलाधिकारी यानी CO ने मंदिर की खाली जमीन का बसगीत पर्चा तीन लोगों के नाम जारी कर दिया था। ये तीन नाम खुशबू कुमारी, कोकिला देवी और माया देवी हैं।
यह मामला तब खुला जब 23 सितंबर को अंचल अमीन राज कुमार जमीन की पैमाइश करने मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने इसका जोरदार विरोध किया जिसके बाद अमीन बिना नाप किए ही वापस लौट गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि भूमाफिया ने तत्कालीन CO और राजस्व कर्मचारियों के साथ मिलकर मंदिर की जमीन का अवैध बंटवारा कराया है। शिकायतकर्ताओं ने वर्तमान चौथम अंचलाधिकारी रविराज से मिलकर जारी किए गए सभी पर्चे तुरंत रद्द करने की मांग की है। अंचलाधिकारी रविराज ने कहा है कि इस पूरे मामले की जांच की जाएगी।