किशोर कुमार की 97वीं जयंती: भागलपुर में उनके ननिहाल पर सजी सुरों की शानदार महफिल

महान गायक किशोर कुमार की 97वीं जयंती के मौके पर सोमवार को भागलपुर में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उनके ननिहाल, एसएम कॉलेज रोड स्थित मनमाली चौक पर आयोजित हुआ, जिसमें शहर के बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों और कलाकारों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत किशोर कुमार के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और केक काटकर की गई। इस दौरान गायक संजीव दुबे ने 'नज़राना भेजा है प्यार का' गीत गाकर पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। वहीं, संगीता दास ने अपने मशहूर गीत 'ये शाम मस्तानी' की प्रस्तुति दी, जिसे सुनकर श्रोताओं ने उनकी खूब तारीफ की।
कार्यक्रम में रवि कुमार सिंह ने किशोर कुमार का लोकप्रिय बांग्ला गीत 'चिरोदिनी तुमि जे आमार' गाकर समां बांध दिया। इस पूरे कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन तापस घोष ने किया।
इस खास मौके पर तरुण घोष, शांतनु गांगुली, विपुल दुबे और संगीता दास के साथ-साथ शहर के कई गणमान्य नागरिक और संगीत प्रेमी उपस्थित रहे।