कुर्सकांटा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहाँ ग्रामीणों की सूझबूझ से एक नाबालिग लड़की को सकुशल बचा लिया गया और अपहरण के आरोपी को पकड़ लिया गया। यह घटना सोमवार शाम की है जब कुर्सकांटा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के अपहरण का प्रयास किया गया। आरोपी की पहचान सूरज कुमार मंडल के रूप में हुई है जो मार्टीपुर के वार्ड नंबर 3 के रहने वाले अरुण मंडल का बेटा है।
पीड़िता की मां के अनुसार 15 साल की लड़की सोमवार शाम को अपने घर के उत्तर-पश्चिम दिशा में खेतों में बकरी लाने गई थी।
सूरज कुमार मंडल पहले से घात लगाकर बैठा था और उसने जबरन लड़की को अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर भागने की कोशिश की। लड़की ने तुरंत शोर मचा दिया जिससे आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने बीच-बवचाव कर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के आने पर उसे अधिकारियों के हवाले कर दिया। पीड़िता की मां ने सूरज कुमार मंडल के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थाना अध्यक्ष रोहित कुमार ने पुष्टि की है कि मां के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए प्रक्रिया पूरी कर अदालत भेज दिया गया है।