बाढ़ पीड़ितों के लिए मसीहा बनी माँ आनंदी संस्था, बांटी राहत सामग्री

भागलपुर जिले में बाढ़ की भीषण विभीषिका के कारण आम जनता की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। कई परिवार पूर्णतः बेघर हो चुके हैं और उनके सामने जीवन-यापन का एक बड़ा संकट खड़ा हो गया है। इस आपदा की घड़ी में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए सामाजिक संस्था 'मां आनंदी संस्था' आगे आई है। संस्था ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वाह करते हुए सबौर स्टेशन चौक पर एक वृहत राहत सामग्री वितरण शिविर का आयोजन किया। इस मानवीय कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए संस्था द्वारा सबौर के कुछ गणमान्य व्यक्तियों का सहयोग लिया गया। उनकी सहायता से क्षेत्र के वास्तविक रूप से ज़रूरतमंद और बेघर हो चुके सैकड़ो लोगों को चिन्हित किया गया। शिविर में पहुंचे इन प्रभावित परिवारों को संस्था की ओर से यथा योग्य कपड़े, पैंट-शर्ट, साड़ी, सूखा राशन और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया गया।