सुल्तानगंज: पद्मश्री मालिनी अवस्थी के भजनों पर झूमे हजारों कांवरिये, भक्तिमय हुआ माहौल

सुल्तानगंज में श्रावणी मेले की पहली सोमवारी के अवसर पर नमामि गंगे घाट स्थित मुख्य सांस्कृतिक मंच पर भक्ति और लोक संस्कृति का शानदार संगम देखने को मिला। सुप्रसिद्ध लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने अपनी सुमधुर आवाज से ऐसा समां बांधा कि वहां मौजूद हजारों कांवरिये और श्रद्धालु देर तक मंत्रमुग्ध होकर झूमते रहे।
मालिनी अवस्थी ने "भोला भंडारी" और "डम-डम डमरू बजाये ला" जैसे भगवान शिव को समर्पित कई भावपूर्ण भजनों और लोकगीतों की प्रस्तुति दी। वर्ष 2016 में पद्मश्री से सम्मानित मालिनी अवस्थी ने ठुमरी, कजरी, चैती, अवधी और बुंदेली लोकगीतों से दर्शकों का मन मोह लिया।
इस कार्यक्रम में उनके साथ संगीतकारों की टीम रही, जिसमें कीबोर्ड पर सचिन कुमार गुप्ता, बेंजो पर सनी, गिटार पर शुभ वीर, ढोलक पर अमित कुमार, पैड पर धर्मेंद्र कुमार और तबले पर राजेश मिश्रा ने संगत की। पूरे कार्यक्रम का संचालन अंकित पल्लव द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में डीइओ अलकुमा पांडेय और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने मालिनी अवस्थी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर सुल्तानगंज विधायक प्रो ललित नारायण, प्रशासन के कई वरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।