भागलपुर के नारायणपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक मालगाड़ी की चपेट में आने से 21 साल के युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नारायणपुर गांव निवासी शाहनवाज उर्फ बहरा के रूप में हुई है, जो पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था।
- नारायणपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह हुआ हादसा
- मृतक कान में ब्लूटूथ हेडफोन लगाकर चल रहा था
- परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाहनवाज बुधवार सुबह कान में ब्लूटूथ हेडफोन लगाकर मधुरापुर बाजार की तरफ से आ रहा था। इसी दौरान कटिहार की तरफ से अप-थ्रू लाइन पर आ रही मालगाड़ी की चपेट में वह आ गया। स्टेशन अधीक्षक मनोहर मंडल ने बताया कि दिल्ली पार्सल ट्रेन के लोको पायलट ने सुबह करीब 8:08 बजे इस घटना की सूचना दी। टक्कर के बाद मालगाड़ी लगभग एक मिनट तक स्टेशन पर रुकी रही।
सूचना मिलने के बाद परिजन तुरंत मौके पर पहुंच गए और घटना के दो मिनट के भीतर ही शव को वहां से हटा लिया। इस दुर्घटना के बाद रेलवे खंड पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहा। रेलवे पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। शाहनवाज अपने पीछे पत्नी आफरीन खातून, मां मदीना खातून और एक साल के बेटे को छोड़ गए हैं। इस अचानक हुई मौत से परिजनों में गहरा सदमा है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।