भागलपुर के एकचारी थाना क्षेत्र के छोटी मोहनपुर गांव में सोमवार को गंगा नदी में नहाने के दौरान एक युवक गहरे पानी में चले जाने के कारण डूबने लगा। हालांकि, नदी किनारे मौजूद ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
- गोविंदपुर निवासी संजय मंडल के पुत्र शिवशंकर कुमार के रूप में हुई डूबे युवक की पहचान
- तिलकामांझी स्थित हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता है शिवशंकर कुमार
- छोटी मोहनपुर गांव स्थित अपने मौसा त्रिपुरारी मंडल के घर आया हुआ था शिवशंकर
- ग्रामीणों की सूझबूझ से ब बची युवक की जान
जानकारी के अनुसार, डूबे युवक की पहचान गोविंदपुर निवासी संजय मंडल के पुत्र शिवशंकर कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शिवशंकर भागलपुर के तिलकामांझी स्थित एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता है। वह हाल ही में छोटी मोहनपुर गांव स्थित अपने मौसा त्रिपुरारी मंडल के घर आया हुआ था। गांव के कुछ लोगों को गंगा नदी में नहाते देख शिवशंकर भी अकेले ही नदी की ओर चला गया। नहाने के दौरान उसे पानी की गहराई का अंदाजा नहीं मिला और वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
युवक को पानी में डूबता और छटपटाता देख नदी किनारे मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के कुछ साहसी लोग अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में कूद पड़े। काफी मशक्कत और कड़ी मेहनत के बाद ग्रामीणों ने शिवशंकर को गहरे पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। नदी से बाहर निकालने के बाद स्थानीय लोगों द्वारा युवक का प्राथमिक उपचार कराया गया। फिलहाल युवक की हालत पूरी तरह ठीक और खतरे से बाहर बताई जा रही है। ग्रामीणों के इस सराहनीय कार्य की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है।