नगर परिषद बनाने के विरोध में सड़कों पर उतरे मणिकपुर के लोग

भागलपुर के पीरपैंती ब्लॉक में मणिकपुर पंचायत को नगर परिषद बनाने के प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया जा रहा है। इसी सिलसिले में सोमवार को मणिकपुर गांव केग्रामीणों ने कैंडल मार्च निकाला।
कैंडल मार्च निकालकर जताया विरोध
बड़ी संख्या में स्थानीय लोग हाथ में मोमबत्ती लेकर सड़कों पर उतरे और सरकार तथा स्थानीय प्रशासन से इस प्रस्ताव पर फिर से विचार करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि मणिकपुर पंचायत की अपनी अलग पहचान और ग्रामीण ढांचा है, इसलिए इसे नगर परिषद में शामिल करना सही नहीं है।
मुखिया ने की सरकार से अपील
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व मणिकपुर पंचायत के मुखिया अरविंद साह ने किया। उन्होंने बताया कि पंचायत का दर्जा बदलने का औपचारिक प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा है। साह ने सरकार और संबंधित अधिकारियों से अपील की कि कोई भी अंतिम निर्णय लेने से पहले ग्रामीणों की राय और स्थानीय परिस्थितियों को जरूर ध्यान में रखा जाए। इस प्रदर्शन में उप मुखिया सुचित मंडल, गुंजन साह, गुलाबी महालदार, श्रवण रजक, बीरू रजक, गौरी देवी, संगीता देवी, पूनम, अनीता देवी, शंकर मंडल, सुरेश, युगेश पासवान, प्रदीप यादव और रमेश सिंह समेत दर्जनों अन्य ग्रामीण शामिल रहे और सभी ने मिलकर इस बदलाव की प्रक्रिया को रोकने की मांग की।