भागलपुर के सांसद अजय मंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। विक्रमशिला सेतु के बंद होने से लोगों को आने-जाने में बहुत परेशानी हो रही है। दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के त्योहार आ रहे हैं। सांसद ने नौगछिया और खगड़िया के रास्ते भागलपुर और कटिहार के बीच 45 दिनों के लिए स्पेशल पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग की है।
पत्र में सांसद ने बताया कि पुल बंद होने से नौगछिया, खगड़िया, कटिहार और कोसी-सीमांचल का सड़क संपर्क टूट गया है।
पानी के रास्ते आने-जाने की व्यवस्था की गई है, लेकिन वह यात्रियों की भारी भीड़ के लिए कम पड़ रही है। इससे रोज आने-जाने वाले लोगों, मरीजों, व्यापारियों और परीक्षा देने वाले छात्रों को बहुत दिक्कत हो रही है। त्योहारी सीजन में लाखों लोग यात्रा करेंगे, इसलिए स्पेशल ट्रेन चलने से जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
सांसद की मुख्य मांगों में भागलपुर से कटिहार के लिए शाम 6:00 बजे रोजाना एक स्पेशल ट्रेन चलाना शामिल है। इसके अलावा कटिहार से भागलपुर के लिए रोजाना वापसी सेवा और सुबह के समय एक और अतिरिक्त ट्रेन चलाने पर विचार करने की मांग की गई है।