नरगाकोठी में हुआ कार्यकर्ताओं का अभ्यास वर्ग शुरू, जानिए क्या बोले ख्यालीराम

MyBhagalpur Team15 September 20262 min read20 viewsCity Local
नरगाकोठी में हुआ कार्यकर्ताओं का अभ्यास वर्ग शुरू, जानिए क्या बोले ख्यालीराम

भागलपुर के चंपानगर स्थित नरगाकोठी के शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में मंगलवार को क्षेत्रीय पूर्णकालिक कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन सत्र की शुरुआत की। इस सत्र का प्रारंभ विद्या भारती के अखिल भारतीय मंत्री ब्रह्माजी राव, क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्यालीराम, उत्तर बिहार के प्रदेश सचिव रामलाल सिंह, महाविद्यालय के अध्यक्ष पवन पोद्दार, सदस्य शरद चंद्र राय एवं प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्यालीराम ने कहा कि शिक्षा वही है जो समाज के काम आए और जिससे समाज का कल्याण हो।

उद्घाटन सत्र और अतिथियों के विचार

क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्यालीराम ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हर वर्ष लगने वाले इस अभ्यास वर्ग में कुछ नया सीखने की इच्छा शक्ति को प्रबल रखना होगा। सबको साथ लेकर चलने की प्रवृत्ति ही संगठन को मजबूत बनाती है और ज्ञान और बुद्धि की पराकाष्ठा आनंद की प्राप्ति तक होनी चाहिए। उन्होंने डॉ. आंबेडकर के कथन को दोहराते हुए कहा कि शिक्षा वह शेरनी का दूध है जो पियेगा वह दहाड़ेगा। हमें अपनी शिक्षा को स्वयं तक सीमित न रखकर समाज हित में लगाना है और संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ना है। उत्तर बिहार के प्रदेश सचिव रामलाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विद्या भारती पूरे विश्व में सबसे बड़ा गैर-सरकारी शैक्षणिक संस्थान है। इसका विशाल कार्य पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं के समर्पण भाव से ही सुचारू रूप से चल रहा है। उन्होंने कहा कि आज संगठन के सभी पूर्णकालिकों को शिक्षा क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार होना होगा। संस्कृति ज्ञान परियोजना के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य हम सभी को मिलकर पूरा करना है।

पत्रिका विमोचन और पौरोपण कार्यक्रम

इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों द्वारा महाविद्यालय से प्रकाशित होने वाली प्रतिष्ठित दृष्टि पत्रिका का विमोचन किया गया। इससे पूर्व, अतिथियों का परिचय झारखंड के प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा द्वारा कराया गया। उद्घाटन सत्र के समापन के बाद पर्यावरण संतुलन और प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए महाविद्यालय परिसर में उपस्थित अधिकारियों द्वारा सुपाड़ी, रुद्राक्ष, अशोक, तेजपत्ता, महोगनी और पारिजात के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में दक्षिण बिहार के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, उमाशंकर पोद्दार, ब्रह्मदेव प्रसाद, धरणिकांत पांडेय, राजेश रंजन, सतीश कुमार सिंह, मीडिया प्रभारी अजीत कुमार दुबे, शशि भूषण मिश्र सहित क्षेत्र के 40 पूर्णकालिक कार्यकर्ता और महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment