भागलपुर: राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर मौलाना आजाद के योगदान को किया याद, मंदरोजा में जुटे लोग

भागलपुर के मंदरोजा में मौलाना अबुल कलाम आजाद की 137वीं जयंती मनाई गई, जहाँ उनके शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को याद किया गया।

Talat Praveen11 November 20262 min read0 viewsCity Local
भागलपुर: राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर मौलाना आजाद के योगदान को किया याद, मंदरोजा में जुटे लोग

भागलपुर के मंदरोजा स्थित प्रगति शिक्षण संस्थान में बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सामाजिक संस्था 'स्वाभिमान' के तत्वाधान में देश के पहले शिक्षा मंत्री और महान शिक्षाविद् मौलाना अबुल कलाम आजाद की 137वीं जयंती को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के रूप में बेहद धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि रंजन कुमार राय और अन्य गणमान्य अतिथियों ने मौलाना आजाद की तस्वीर के सामने दीप जलाकर और पुष्प अर्पित कर की।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने मौलाना आजाद के जीवन और उनके आदर्शों पर चर्चा की। मुख्य अतिथि रंजन कुमार राय ने उन्हें केवल एक स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि एक प्रखर लेखक, कवि और पत्रकार के रूप में याद किया। उन्होंने बताया कि देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में उनका योगदान अतुलनीय है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) की स्थापना और विश्वविद्यालय शिक्षा आयोग के निर्माण में उनकी भूमिका ने भारत की शैक्षणिक दिशा बदल दी। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि करियर या जीवन के किसी भी शिखर पर पहुँचने के लिए मानसिक और वैचारिक मजबूती की जरूरत होती है।

शिक्षा और संस्कृति को माना विकास का आधार

प्रसिद्ध साहित्यकार राजकिशोर प्रसाद ने मौलाना आजाद को एक प्रगतिशील व्यक्तित्व बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि मौलाना जी का मानना था कि शिक्षा और संस्कृति ही किसी भी देश के विकास की असली बुनियाद होती है। वहीं, संस्था के संस्थापक और कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जगतराम साह कर्णपुरी ने कहा कि मौलाना आजाद ने देश में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देकर प्रगति के नए रास्ते खोले। उन्होंने यह भी साझा किया कि मौलाना आजाद के अनुसार, जब तक किसी व्यक्ति में कला और साहित्य के प्रति रुचि नहीं होती, वह पूर्ण ज्ञान प्राप्त नहीं कर सकता।

इस अवसर पर राजीव रंजन, विजय कुमार, मुदित कुमार झा ‘मुदित’ और अजय शंकर ने भी अपने विचार रखे। सभी उपस्थित सदस्यों ने मौलाना आजाद के बताए रास्ते पर चलने और शिक्षा के प्रसार में योगदान देने का संकल्प लिया।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment