भागलपुर में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) की ओर से गुरुवार को व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। रैली में शामिल लोग हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे जिसके जरिए आम जनता को उनके कानूनी अधिकारों और लोक अदालत के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
- आपसी सुलह से लंबित मामलों का त्वरित निपटारा
- समय और धन की बचत के लिए लोक अदालत का लाभ उठाएं
- 12 सितंबर 2026 को होगा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि वे आपसी सुलह और समझौते के आधार पर अपने लंबित मामलों का त्वरित निपटारा करा सकते हैं। प्राधिकार की ओर से आम जनता से अपील की गई कि वे समय और धन की बचत के लिए आपसी सहमति से मामलों को सुलझाने हेतु लोक अदालत का अधिकतम लाभ उठाएं। जिला विधिक सेवा प्राधिकार का मुख्य उद्देश्य लोगों को कानूनी रूप से साक्षर बनाना और आपसी सहमति से मुकदमों का सरल व त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
डीएलएसए की सचिव रंजीता कुमारी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी
12 सितंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे से किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि भागलपुर व्यवहार न्यायालय परिसर के अलावा अनुमंडल न्यायालय नवगछिया और अनुमंडल न्यायालय कहलगांव में भी इस लोक अदालत का आयोजन समानांतर रूप से होगा। इस लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के सुलहनीय दीवानी, पारिवारिक, बैंक ऋण, बिजली बिल और छोटे आपराधिक मामलों के ऑन-द-स्पॉट निपटारे की व्यवस्था रहेगी।