सैनिक स्कूल भागलपुर में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस

MyBhagalpur Team29 August 20261 min read25 viewsCity Local
सैनिक स्कूल भागलपुर में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस

भागलपुर, 29 अगस्त। सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया भागलपुर में शनिवार को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती (राष्ट्रीय खेल दिवस) अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, उपप्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह, रतन कुमार पाठक एवं सभी आचार्यों द्वारा संयुक्त रूप से मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।

प्रधानाचार्य का संबोधन


इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि करियर निर्माण का एक बेहतरीन माध्यम बन चुका है। खेल के माध्यम से युवाओं का जीवन संवर रहा है और इसमें रुचि रखने वाले छात्र जीवन में तेजी से सफलता प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद सभी खेल प्रेमियों के लिए आदर्श और अनुकरणीय हैं, इसलिए उनके स्मरण में पूरा देश खेल दिवस मनाता है। प्रधानाचार्य ने बिहार सरकार की 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की इस घोषणा से छात्रों में खेल के प्रति रुचि और उत्साह काफी बढ़ा है

पारंपरिक खेलों की जानकारी


राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर विद्यालय के छात्रों को पारंपरिक खेलों के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों ने कबड्डी, खो-खो, गिल्ली-डंडा, जलेबी दौड़, पीटटो और रस्सी कूद जैसे पारंपरिक खेलों के बारे में विस्तार से जाना। इन खेलों के माध्यम से बच्चों के भीतर स्वस्थ प्रतियोगिता और टीम भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर विद्यालय के मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा, राजीव लोचन झा, अवधेश कुमार, कुमारी सविता, प्रभा झा, डॉ. संजीव कुमार झा, सिद्धार्थ कुमार सिंह सहित सभी आचार्य बंधु और भगिनी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment