भागलपुर के नवगछिया में प्रजातंत्र की रक्षा और एसआईआर की आड़ में मतदाताओं के नाम मनमाने तरीके से छांटे जाने के खिलाफ इंडिया गठबंधन ने देशव्यापी आह्वान पर जोरदार प्रदर्शन किया। गुरुवार को नवगछिया रेलवे स्टेशन चौक से वोट चोर गद्दी छोड़ के नारों के साथ आक्रोश मार्च निकाला गया, जो मखातकिया चौक होते हुए वैशाली चौक पहुंचा। वहाँ कार्यकर्ताओं ने नुक्कड़ सभा की और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया। इस विरोध प्रदर्शन में महागठबंधन के सभी घटक दलों राजद, भाकपा माले, भाकपा, कांग्रेस और वीआईपी के नेता व कार्यकर्ता भारी संख्या में शामिल हुए।
रेलवे स्टेशन से शुरू हुए आक्रोश मार्च में कार्यकर्ताओं ने वोट चोर गद्दी छोड़, ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुतला दहन कार्यक्रम की अध्यक्षता अलखनिरंजन पासवान ने की, जबकि संचालन माले के गौरीशंकर ने किया।
मार्च का नेतृत्व कर रहे गोपालपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सह राजद नेता शैलेश कुमार ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि
मोदी और शाह के इशारे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बिहार के आम मतदाताओं को उनके वोट के अधिकार से वंचित करने का काम किया है। देश का वोटर इस तानाशाही को कतई माफ नहीं कर सकता। हमारी मांग है कि ज्ञानेश कुमार को तुरंत बर्खास्त किया जाए।
आक्रोश मार्च और नुक्कड़ सभा को भाकपा के प्रकाश मंडल, राजद के अशोक यादव, किशोर सिंह यादव, कामरेड सुधीर यादव, प्रखंड अध्यक्ष हिमांशु यादव, तनवीर अहमद, कपिल देव मंडल, कांग्रेस के अय्युब अली, नारायणपुर प्रखंड अध्यक्ष त्रिलोकी सिंह, वीआईपी के सुधीर सिंह, राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के मोहिउद्दीन, प्रिंस मंडल, बिपिन कुमार, कामरेड राकेश सिंह, मणिलाल पासवान और प्रो. विभांशु मंडल सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में महागठबंधन के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।