मंगलवार सुबह करीब 3:00 बजे NH-31 पर कुरसेला के रामपुर यादव टोला के पास एक तेज रफ्तार ऑयल टैंकर अनियंत्रित होकर बजरंगीय मंदिर से टकरा गया। इस भीषण टक्कर में ईंट से बना मंदिर पूरी तरह ढह गया और अंदर स्थापित बजरंगबली की मूर्ति खंडित हो गई। टैंकर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि ड्राइवर को मामूली चोटें ही आईं और वह बच गया।
- मंगलवार सुबह करीब 3:00 बजे हुआ हादसा
- एनएच-31 पर रामपुर यादव टोला के पास हुई दुर्घटना
- टैंकर की टक्कर से मंदिर पूरी तरह ढहा
- चालक को आई मामूली चोट
स्थानीय लोगों ने बताया कि टैंकर नवगछिया की तरफ से आ रहा था जो सड़क से उतरकर सीधे मंदिर से जा टकराया। टक्कर की तेज आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और भारी नुकसान देखकर हैरान रह गए। हादसे के बाद टैंकर में आग नहीं लगी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। अधिकारियों ने बताया कि अगर वाहन में आग लग जाती तो आसपास के इलाके में स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती थी।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने का प्रयास किया।
हालांकि, ग्रामीणों ने मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग करते हुए टैंकर को हटाने से रोक दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह बजरंगबली मंदिर मूल रूप से 1982 में बनाया गया था और दशकों से यह लोगों की आस्था का केंद्र रहा है। ऐतिहासिक मंदिर के विध्वंस और क्षतिग्रस्त मूर्ति को लेकर ग्रामीणों में काफी गुस्सा है।