पीरपैंती फोरलेन पर भीषण जाम: 48 घंटे से फंसे सैकड़ों ट्रक, चालक परेशान

विक्रमशिला पुल के क्षतिग्रस्त होने और कहलगांव के ओझा पुल के बंद रहने की वजह से झारखंड के मिर्जाचौकी से आने वाले खनिज लदे वाहनों को पीरपैंती-शिवनारायणपुर फोरलेन मार्ग से भेजा जा रहा है। लेकिन पिछले करीब 48 घंटों से इस रास्ते पर भीषण जाम लगा हुआ है, जिसमें सैकड़ों लोडेड और खाली ट्रक फंसे हुए हैं।
जाम लगने का मुख्य कारण फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर की गई मिट्टी भराई और उसके बाद हुई लगातार बारिश है। ट्रक चालकों और परिवहन व्यवसायियों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी ने मिट्टी भरने के बाद सड़क को ठीक से तैयार नहीं किया, जिससे बारिश के बाद सड़क दलदल बन गई और भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।
इस जाम का सबसे बुरा असर खनिज परिवहन पर पड़ा है। वाहन मालिकों ने बताया कि मिर्जाचौकी से जारी माइनिंग चालान एक निश्चित समय तक ही वैध रहते हैं। लंबे समय तक जाम में फंसे रहने के कारण कई ट्रकों के चालान की समय सीमा खत्म होने की आशंका है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान और कानूनी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
वहीं, पिछले दो दिनों से सड़क पर फंसे ट्रक चालक और खलासी बेहद बदहाल स्थिति में हैं। उन्हें खाने-पीने और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिस कारण वे मजबूरन सड़क पर ही रहने को मजबूर हैं।