छठ पूजा के बाद यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए भारतीय रेल ने चलाईं स्पेशल ट्रेनें
भारतीय रेल ने छठ पूजा के बाद यात्रियों की भीड़ को देखते हुए हावड़ा, पटना, गया और दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है।

छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेल ने यात्रियों के लिए बड़ी राहत दी है। रेलवे ने बिहार, पश्चिम बंगाल और दिल्ली के बीच चलने वाली कई छठ स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। इन ट्रेनों के जरिए यात्री आसानी से अपने गंतव्य तक पहुँच सकेंगे। इन स्पेशल ट्रेनों में जनरल, स्लीपर और एसी कोच की सुविधा दी गई है, ताकि हर वर्ग के यात्री अपनी सुविधा अनुसार सफर कर सकें।
इन रूटों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें और समय सारणी
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, हावड़ा और पटना के बीच ट्रेन संख्या 03053 हावड़ा से 13 नवंबर 2026 को शाम 7:15 बजे रवाना होगी और 14 नवंबर को सुबह 5:40 बजे पटना पहुँचेगी। वहीं, वापसी के लिए ट्रेन संख्या 03054 पटना से 14 नवंबर को सुबह 10:00 बजे चलकर रात 10:30 बजे हावड़ा पहुँचेगी। यह ट्रेन बर्दहमन, दुर्गापुर, रानीगंज, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडिह जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
हावड़ा और गया के बीच ट्रेन संख्या 03051 हावड़ा से 13 नवंबर को शाम 7:30 बजे चलेगी और 14 नवंबर दोपहर 2:30 बजे गया पहुँचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 03052 गया से 14 नवंबर शाम 5:00 बजे रवाना होकर 15 नवंबर दोपहर 2:10 बजे हावड़ा पहुँचेगी। यह ट्रेन भागलपुर, कहलगांव, सुल्तानगंज, जमालपुर, पीरपईंटी और सबौर समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे इन इलाकों के यात्रियों को काफी सुविधा होगी।
वहीं, दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए मालदा टाउन से शकुरबस्ती के बीच स्पेशल ट्रेन (03439) 16 और 21 नवंबर को सुबह 10:00 बजे चलेगी। इसकी वापसी ट्रेन (03440) शकुरबस्ती से 17 और 22 नवंबर को शाम 6:50 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन भी न्यू फारक्का, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर और अभैपुर जैसे स्टेशनों पर रुकेगी।
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इन ट्रेनों की आरक्षण तिथियों की घोषणा अलग से की जाएगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे समय और शेड्यूल की पूरी जानकारी आधिकारिक चैनलों के माध्यम से ही प्राप्त करें।