भागलपुर जिला में बिजली की आपूर्ति पिछले तीन दिनों से बहुत ज्यादा प्रभावित हुई है। यह परेशानी स्टेट सीएलडी से बिजली मिलने में कमी होने के कारण हुई है। सबौर ग्रिड से यह समस्या शुरू हुई थी जिसके बाद तीन रात पहले बरारी सहित कई सबस्टेशन में लोड शेडिंग करनी पड़ी। पिछले दो दिनों में यह समस्या सुल्तानगंज और जगदीशपुर ग्रिड तक पहुंच गई है। एक दिन पहले सुल्तानगंज ग्रिड को बिजली कम मिलने के कारण शाहकुंड पावर सबस्टेशन में लोड शेडिंग करनी पड़ी और बुधवार को भी यही हाल रहा।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बांका, लखीसराय और जमुई जिला भी प्रभावित हुए हैं लेकिन पूर्वी बिहार में इसका असर आरा और बक्सम क्षेत्र से कम है। एक अधिकारी ने बताया कि बिजली की कमी एक महीने से चल रही है लेकिन भागलपुर, बांका और मुंगेर को मिलने वाली बिजली श्रावणी मेला के कारण पूरी रखी गई थी। मेला खत्म होने के बाद अब बिजली कम मिलने का असर इस इलाके में भी दिखने लगा है।
शहरी विद्युत कार्यकारी अभियंता पंकज कुमार ने बताया कि सुल्तानगंज के शाहकुंड पीएसएस को छोड़कर पिछले दो दिनों में किसी भी अन्य सबस्टेशन पर लोड शेडिंग की जरूरत नहीं पड़ी है। उन्होंने दोहराया कि तीन दिन पहले सबौर ग्रिड से बिजली कम मिलने के कारण केवल बरारी समेत कुछ ही सबस्टेशन पर लोड शेडिंग करनी पड़ी थी।
यह चिंता बढ़ रही है कि आने वाले त्योहारों के समय यह संकट और बढ़ सकता है। नवरात्रि 11 अक्टूबर से शुरू होने वाली है जिससे पंडाल लगने, मंदिरों और रास्तों पर सजावट की लाइटें जलने और छुट्टियों में घर लौटने वाले लोगों द्वारा घर के बिजली उपकरणों का इस्तेमाल बढ़ने से बिजली की खपत बहुत ज्यादा होने की उम्मीद है।