भागलपुर के सबौर में मिली उत्तर प्रदेश की गर्भवती लावारिस महिला

भागलपुर के सबौर इलाके से उत्तर प्रदेश की एक गर्भवती महिला को लावारिस हालत में बरामद किया गया है। डायल 112 की टीम ने 30 अगस्त को महिला को खोजा था जिसके बाद सबौर थाना पुलिस ने उसे जांच के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जांच में पता चला कि महिला गर्भवती है और उसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण उसे विशेष जांच के लिए कोइलवार मानसिक अस्पताल भेजा गया था। कोइलवार अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसकी मानसिक जांच की और उसे वापस मायागंज अस्पताल भेजने का निर्देश दिया। कोइलवार मानसिक अस्पताल के अधीक्षक ने पत्र लिखकर बताया कि वहां प्रसूति विभाग नहीं है इसलिए गर्भवती महिला को वहां भर्ती करना संभव नहीं था। महिला को सोमवार को वापस भागलपुर लाया गया और मायागंज अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में भर्ती कराया गया है। स्थानीय प्रशासन अब महिला के परिवार वालों का पता लगाने की कोशिश कर रहा है।