दर्दनाक हादसा! पूर्णिया में सांप के काटने से दो मासूम बच्चों की मौत

पूर्णिया जिला के बरहरा कोठी प्रखंड अंतर्गत लतरहा पंचायत के कमलपुर वार्ड 13 में सांप के डसने से दो बच्चों की मौत हो गई है। मरने वाले बच्चों में 10 महीने का निशांत कुमार और 6 साल की प्रिया कुमारी शामिल हैं। दोनों बच्चे आपस में चचेरे भाई-बहन थे। निशांत के पिता कुंदन पासवान के अनुसार, यह घटना तब हुई जब दोनों बच्चे अपनी मां के साथ सो रहे थे। सुबह जगने पर मां को पता चला कि बच्चों को सांप ने काट लिया है।
परिजन दोनों बच्चों को लेकर बरहरा कोठी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद निशांत कुमार को अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं विवेक कुमार की बेटी प्रिया कुमारी को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल ले जाने के रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे के समय प्रिया कुमारी कमलपुर में अपनी चाची के यहां रह रही थी।
बच्चों की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर जमा हो गए तथा जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता सांत्वना देने के लिए पीड़ित परिवार के पास पहुंचे। सूचना मिलने पर बरहरा कोठी के थानाध्यक्ष सनी कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया भेज दिया गया है।