गंगा कटाव से राघोपुर में 50 घर डूबे: ग्रामीणों में भारी गुस्सा और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

भागलपुर के सबौर प्रखंड के राघोपुर काजीकोरिया पंचायत में गंगा नदी का भीषण कटाव तबाही मचा रहा है। महादेवपुर घाट के समीप ब्रह्म बाबा स्थान के पास करीब 125 मीटर तक तटबंध कटाव की चपेट में है। इस आपदा में अब तक करीब 50 ग्रामीणों के आशियाने गंगा नदी में समा चुके हैं और प्रसिद्ध ब्रह्म बाबा मंदिर का एक हिस्सा भी नदी में विलीन होने की कगार पर है। कटाव से प्रभावित लोगों का दर्द और प्रशासन की लापरवाही सामने आई है।
आंसू बहाने को मजबूर हुए ग्रामीण
स्थानीय समाजसेवी प्रमोद मंडल ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि एक-एक रुपया जोड़कर जिंदगी भर की कमाई से घर बनाया था, जिसे गंगा की लहरों ने छीन लिया। कई परिवार बेघर होकर भटक रहे हैं। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर मदद न मिलने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि ठोस कदम न उठाने पर ग्रामीण उग्र आंदोलन करेंगे।
करोड़ों खर्च पर उठे सवाल और जांच की मांग
कटाव रोकने के नाम पर पहले खर्च हुई सरकारी राशि पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। भागलपुर के जिला परिषद अध्यक्ष बिपिन मंडल ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी नतीजा शून्य है और सरकार व जल संसाधन विभाग खर्च का श्वेत पत्र जनता के सामने रखे।
प्रशासन की कार्रवाई और राहत तैयारी
जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीम अलर्ट मोड पर है। प्रभावित इलाके में सुरक्षात्मक और कटाव निरोधी कार्य तेज कर दिए गए हैं। बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा सैंड बैग और जियो बैग डालने का काम जारी है तथा प्रभावित लोगों के लिए रिलीफ कैंप की व्यवस्था की जा रही है।