बड़ी खबर: मधेपुरा-बैजनाथपुर रेलखंड पर ब्लॉक, कई ट्रेनें लेट

भारतीय रेलवे ने मधेपुरा और बैजनाथपुर के बीच समस्तीपुर-पूर्णिया कोर्ट रेलवे खंड पर समपार फाटक संख्या 95.बी के पास रोड ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए यातायात ब्लॉक की घोषणा की है। यह परियोजना पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान का हिस्सा है और इसे समपार फाटक की भीड़भाड़ को खत्म करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सहयोग से लागू किया जा रहा है।
गर्डर लॉन्चिंग और तकनीकी काम के लिए पूर्व मध्य रेलवे का समस्तीपुर मंडल 12, 13, 15, 17, 20 और 27 सितंबर को सुबह 8:20 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक चार घंटे का यातायात ब्लॉक लगाएगा। 26 सितंबर को एक अतिरिक्त ब्लॉक निर्धारित है। इन निर्माण गतिविधियों से कई ट्रेन सेवाएं काफी प्रभावित होंगी।
ट्रेनों का बदला समय और नियंत्रण
सहरसा-पूर्णिया पैसेंजर (ट्रेन संख्या 55570) 12, 13, 15, 17, 20 और 27 सितंबर को सहरसा जंक्शन से 90 मिनट की देरी से रवाना होगी। 26 सितंबर को यह ट्रेन सहरसा और बैजनाथपुर के बीच 40 मिनट नियंत्रित रहेगी।
जयनगर-मनिहारी जानकी एक्सप्रेस को निर्धारित ब्लॉक तिथियों पर सिमरी बख्तियारपुर और सहरसा जंक्शन के बीच एक घंटे के लिए नियंत्रित किया जाएगा।
पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल ट्रेन भी 12, 15 और 27 सितंबर को 90 मिनट की देरी से चलेगी। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेनों की स्थिति की जांच करने की सलाह दी है।