समाजवादी नेता रामवृक्ष कुंवर की स्मृति में बिहपुर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
बिहपुर के पूर्व प्रत्याशी और वरिष्ठ समाजवादी नेता रामवृक्ष कुंवर की स्मृति में सोनवर्षा में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।

भागलपुर जिले के बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी और वरिष्ठ समाजवादी नेता स्वर्गीय रामवृक्ष कुंवर की याद में गुरुवार को उनके पैतृक गाँव सोनवर्षा में एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर जेपी आंदोलन से जुड़े सैकड़ों नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने उनकी तस्वीर पर फूल चढ़ाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सभा के दौरान वक्ताओं ने रामवृक्ष कुंवर के व्यक्तित्व और उनके संघर्षों को याद किया। पूर्व कुलपति प्रो. डॉ. ए. के. राय ने कहा कि सोनवर्षा की मिट्टी में जन्मे रामवृक्ष कुंवर बचपन से ही सामाजिक न्याय के प्रति समर्पित थे। उन्होंने 1974 के छात्र आंदोलन में उनके नेतृत्व और साहस की सराहना करते हुए कहा कि वे एक बेदाग छवि वाले नेता थे, जो झूठ और तिकड़म वाली राजनीति से हमेशा दूर रहे। डॉ. राय ने यह भी जिक्र किया कि 1974 के विधानसभा चुनाव में वे बहुत कम वोटों से हारे थे, वरना वे निश्चित तौर पर बिहपुर के विधायक होते।
सिद्धांतों पर अडिग रहे निडर नेता
गांधी विचार विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए बताया कि रामवृक्ष कुंवर ने जीवन भर अपने सिद्धांतों और विचारों से कभी समझौता नहीं किया। उन्हें चुनाव हारने का कोई दुख नहीं था और वे हमेशा निडर होकर अपनी बात रखते थे। वहीं, समाजवादी नेता डॉ. गौतम कुमार प्रीतम ने उन्हें एक बुलंद आवाज वाला नेता बताया, जिन्होंने कभी किसी के सामने जी-हुजूरी नहीं की।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में पूर्व सांसद डॉ. रेणु सिंह कुशवाहा और समाजवादी नेता विजय सिंह ने भी पहुंचकर उन्हें नमन किया। इस सभा में सम्पूर्ण क्रांति मंच के बिहार प्रभारी जयप्रकाश झा सहित शंकर रजक, अशोक यादव और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
स्वर्गीय रामवृक्ष कुंवर अपने पीछे दो पुत्र रवेश कुमार और नीलेश कुमार (जितेन्द्र), दो पुत्रियां नीशा और शीखा कुमारी तथा दो भाई रामविलास और विनय कुंवर का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस आयोजन को सफल बनाने में समाजसेवी उत्तम कुमार और उनके परिवार के सदस्यों सहित कई युवाओं का विशेष योगदान रहा।