सुल्तानगंज में राजद की बैठक, सरकार की नीतियों के खिलाफ चलेगा अभियान

MyBhagalpur Team29 September 20261 min read2 viewsPolitics
सुल्तानगंज में राजद की बैठक, सरकार की नीतियों के खिलाफ चलेगा अभियान

भागलपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। जिले के सुल्तानगंज में मंगलवार को प्रखंड राष्ट्रीय जनता दल की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष विवेकानंद यादव ने की, जबकि मंच संचालन नगर अध्यक्ष मोहम्मद अफरोज आलम द्वारा किया गया।

बैठक को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के पूर्व अध्यक्ष और समतुल्य कैबिनेट मंत्री डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। युवाओं को रोजगार देने के बजाय नौकरियों से छंटनी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में चुनाव के दौरान वोटों की चोरी कर सरकार बनाई जा रही है। डॉ. हिमांशु ने कहा कि सरकार की इन जन-विरोधी नीतियों को बेनकाब करने के लिए स्नातक मतदाताओं के बीच एक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने स्थानीय मुद्दों को उठाते हुए कहा कि बाढ़ पीड़ितों को अभी तक पूरा मुआवजा नहीं मिला है और प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक भ्रष्टाचार चरम पर है। आरजेडी इन जनहित के मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी।

बैठक को पूर्व विधायक फणींद्र चौधरी, पूर्व प्रत्याशी चंदन सिन्हा, राजद जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, अरविंद यादव, नट बिहारी मंडल, संजय चौहान, शिशिर कुमार सिंह, शिशुपाल भारती, राज किशोर ठाकुर, कैलाश यादव, विजय यादव, मोहम्मद मेराज, रंजन दास, विकेश कुमार, संजीव कुमार, सकलदेव यादव, राजू चंद्रवंशी और जिला प्रधान महासचिव विश्वजीत कुशवाहा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने संगठन की मजबूती और आगामी अभियानों को सफल बनाने का संकल्प लिया। सुल्तानगंज की बैठक की सफलता के बाद राजद नेताओं ने बताया कि अगले चरण में बुधवार (30 सितंबर 2026) को शाहकुंड बाजार में प्रखंड राजद शाहकुंड की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति तय होगी।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment