कहलगांव में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, बिना टिकट और ट्रैक पार करने वाले 20 लोग हिरासत में

MyBhagalpur Team21 August 20261 min read41 viewsCity Local
कहलगांव में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, बिना टिकट और ट्रैक पार करने वाले 20 लोग हिरासत में

भागलपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। रेल यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा को सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल ने कहलगांव क्षेत्र में कड़ा रुख अपना लिया है। रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान आरपीएफ ने 20 लोगों को हिरासत में लिया है।

इस सघन अभियान से नियम तोड़ने वाले यात्रियों और असमाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, कहलगांव स्टेशन और आसपास के रेलखंडों पर बिना टिकट यात्रा करने वालों, अनाधिकृत रूप से रेलवे ट्रैक पार करने वालों और हॉकिंग करने वालों के खिलाफ आरपीएफ ने घेराबंदी कर यह कार्रवाई की। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

आरपीएफ प्रभारी का बयान


आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी बेचन मिश्रा ने शुक्रवार को कहा कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और उनकी यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेलवे ट्रैक को अनाधिकृत रूप से पार करना न सिर्फ कानूनी अपराध है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है। बिना टिकट यात्रा करने वाले और बिना वजह ट्रैक पर घूमने वाले लोगों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। हमारा उद्देश्य यात्रियों में जागरूकता पैदा करना और दुर्घटनाओं को रोकना है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आरपीएफ की इस सख्त कार्रवाई के बाद से कहलगांव रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में अनावश्यक भीड़-भाड़ कम देखी जा रही है। आरपीएफ ने आम जनता से भी अपील की है कि वे हमेशा टिकट लेकर ही यात्रा करें और फुट ओवर ब्रिज का उपयोग कर अपनी जान सुरक्षित रखें।

Share:

Comments

Leave a comment