भागलपुर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर निकली शानदार साई बाबा पालकी यात्रा

MyBhagalpur Team4 September 20261 min read32 viewsCity Local
भागलपुर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर निकली शानदार साई बाबा पालकी यात्रा

भागलपुर में शुक्रवार को कृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर साई बाबा की पालकी यात्रा निकाली गई। यह यात्रा भगत सिंह चौक स्थित संकट मोचन दरबार के साईनाथ मंदिर से शुरू हुई। दिन के धार्मिक अनुष्ठान सुबह 8 बजे मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुए, जिसके बाद श्री साई बाबा की पूजा और रुद्राभिषेक किया गया। दोपहर करीब 1 बजे पालकी यात्रा बैंड-बाजों के साथ शहर के भ्रमण के लिए निकली। यह जुलूस मंदिर परिसर से शुरू होकर कचहरी चौक, तिलकामांझी चौक, आदमपुर, नया बाजार, कोतवाली चौक, स्टेशन चौक और सूजागंज बाजार से होते हुए खलीफाबाग चौक के रास्ते वापस मंदिर परिसर पहुंचा। पारंपरिक कपड़ों में सजे सैकड़ों भक्तों ने इस आयोजन में हिस्सा लिया और भक्ति गीतों पर नाचते-झूमते हुए भजन गाए। रास्ते में स्थानीय लोगों ने इस यात्रा का स्वागत किया और भक्तों की मदद के लिए कई सेवा शिविर लगाए गए थे। मंदिर के मुख्य प्रशासक पंडित दिनेश चंद्र झा ने बताया कि सुबह की पूजा के बाद दोपहर में पालकी यात्रा निकाली गई और रात को मध्य रात्रि में कृष्ण जन्मोत्सव की पूजा हुई। झा के अनुसार शनिवार को सुबह 11 बजे से भंडारे का आयोजन होगा और इसी के साथ अखंड संकीर्तन, साई बाबा जागरण और समापन प्रार्थना पूरी होगी।

सेवा शिविरों का आयोजन

भक्तों की सहायता के लिए कई सामाजिक संगठनों और लोगों ने सेवा शिविर लगाए। आदमपुर चौक पर 'नर सेवा नारायण सेवा' समूह ने एक स्टॉल लगाया जहां पालकी यात्रा में शामिल लोगों को ठंडा पानी, रसना, फ्रूटी और शरबत दिया गया। नर सेवा नारायण सेवा के अध्यक्ष दिनेश मंडल ने बताया कि यह शिविर भक्तों की सुविधा के लिए लगाया गया था। इस कार्यक्रम में शिवशक्ति मंदिर के महंत अरुण बाबा, भोला कुमार मंडल, प्रदीप कुमार, संजय हरी, योगेंद्र चौधरी, सुनीता देवी, तनु प्रिया, जीतू और प्रेमलता कुमारी समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment