मंत्री कुमार शैलेंद्र के पैतृक गांव तेलघी पहुंचे CM सम्राट चौधरी, डॉ. के.एन. सिंह को दी श्रद्धांजलि

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भागलपुर के तेलघी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने डॉ. के.एन. सिंह को श्रद्धांजलि दी और मां काली की पूजा की।

Puja Singh6 November 20261 min read0 viewsCity Local
मंत्री कुमार शैलेंद्र के पैतृक गांव तेलघी पहुंचे CM सम्राट चौधरी, डॉ. के.एन. सिंह को दी श्रद्धांजलि

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड स्थित तेलघी गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री का यह दौरा बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री और बिहपुर विधायक इंजीनियर कुमार शैलेंद्र के पिता, प्रसिद्ध चिकित्सक स्वर्गीय डॉ. कुमार नित्यानंद सिंह (डॉ. के.एन. सिंह) के श्राद्धकर्म और श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के लिए था। मुख्यमंत्री विशेष हेलीकॉप्टर से तेलघी के मध्य विद्यालय मैदान में बने अस्थायी हेलीपैड पर उतरे, जहां जिला अधिकारी अलंकृता पांडेय और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।

गांव में कदम रखते ही मुख्यमंत्री सबसे पहले नवनिर्मित काली मंदिर परिसर पहुंचे। वहां उन्होंने आयोजित धार्मिक यज्ञ में हिस्सा लिया और मां काली की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे सीधे मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र के पैतृक आवास पहुंचे, जहां माहौल गमगीन था।

परिजनों को बंधाया ढांढस, याद किया डॉ. सिंह का सेवाभावी व्यक्तित्व

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सेवानिवृत्त सिविल सर्जन स्वर्गीय डॉ. कुमार नित्यानंद सिंह के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों और मंत्री ई. शैलेंद्र से मुलाकात कर उन्हें इस कठिन समय में ढांढस बंधाया और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

बता दें कि 81 वर्षीय डॉ. के.एन. सिंह का हाल ही में निधन हुआ था। वे न केवल एक कुशल चिकित्सक थे, बल्कि अपने सरल स्वभाव और गरीबों के मुफ्त इलाज के कारण पूरे नवगछिया और भागलपुर क्षेत्र में बेहद लोकप्रिय थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ बिहार सरकार के कई कैबिनेट मंत्री, विधायक, भाजपा के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment