फिल्म अभिनेत्री संचिता बसु के ट्रस्ट ने की मंगल ऋषि के परिवार की मदद

MyBhagalpur Team24 October 20262 min read0 viewsCity Local
फिल्म अभिनेत्री संचिता बसु के ट्रस्ट ने की मंगल ऋषि के परिवार की मदद

भागलपुर के घोघा थाना क्षेत्र के पन्नुचक गांव में गरीबी और लाचारी की मार झेल रहे मृतक मंगल ऋषि के परिवार की मदद के लिए अब समाज आगे आने लगा है। इस खबर में जानिए कैसे ट्रस्ट ने परिवार को सहायता पहुंचाई।

  • ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करने वाले मंगल ऋषि की 18 अक्टूबर को मौत हो गई थी।
  • घर की माली हालत खराब होने के कारण परिजन को अधजले शव को गड्ढा खोदकर दफनाना पड़ा था।
  • फिल्म अभिनेत्री संचिता बसु के ट्रस्ट ने 11 हजार रुपये नकद और राशन दिया है।

फिल्म अभिनेत्री के ट्रस्ट ने बढ़ाई मदद का हाथ

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

मीडिया में मर्माहत करने वाली खबर आने के बाद फिल्म अभिनेत्री संचिता बसु के परिवार द्वारा संचालित 'प्राची सेवा ट्रस्ट' ने पीड़ित परिवार को 11 हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता और राशन सामग्री उपलब्ध कराई है। पीड़ित परिवार की मुश्किलें आज की नहीं हैं। परिजन ने बताया कि वर्षों पहले गंगा की भीषण कटान में उनकी अपनी जमीन विलीन हो गई थी, जिसके बाद उन्हें अपना पुराना आशियाना छोड़ना पड़ा। आज स्थिति यह है कि उनके पास न तो अपनी जमीन है और न ही रहने को मकान। परिवार दूसरे की जमीन पर झोपड़ी डालकर रहने को विवश है। घर के इकलौते कमाऊ सदस्य मंगल ऋषि की मौत के बाद अब उनकी पत्नी सोनी देवी, बुजुर्ग मां और पांच बच्चों (जिनमें तीन बेटियां हैं) के सामने रहने और खाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

स्थानीय स्तर पर मिला है थोड़ा सहारा

मामला उजागर होने के बाद स्थानीय मुखिया की ओर से भी पीड़ित परिवार को कुछ राशन सामग्री दी गई थी। हालांकि, केवल कुछ दिनों के राशन से इस परिवार की दिक्कतों का स्थायी समाधान संभव नहीं है। इसी बीच प्राची सेवा ट्रस्ट के सदस्यों ने पन्नुचक पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की, उनका ढांढस बंधाया और आगे भी हरसंभव मदद करने का भरोसा दिया। भले ही सामाजिक संस्थाओं के आने से परिवार को तात्कालिक राहत मिली है, लेकिन पांच मासूम बच्चों की परवरिश, पढ़ाई-लिखाई, स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य अब भी एक बड़ी चुनौती है। रोती-बिलखती पत्नी सोनी देवी और बुजुर्ग मां को उम्मीद है कि पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बिहार सरकार उनकी इस बदहाली पर संज्ञान लेंगे, ताकि भूमिहीन हो चुके इस गरीब परिवार को स्थायी आवास और रोजगार का कोई साधन मिल सके।

Share:

Comments

Leave a comment