सन्हौला बाजार में हादसा: ट्रक से टकराई बाइक, दो कांवरिया गंभीर रूप से घायल

सन्हौला-घोघा मुख्य मार्ग (SH 84) पर रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सन्हौला बाजार के मस्जिद चौक के पास एक बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे बाइक सवार दो कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, घोघा बाजार के रहने वाले 45 वर्षीय कृष्णानंद साह (पिता पुनीत साह) और उनका भतीजा नितिन साह कहलगांव के गंगा घाट से जल भरकर बाबा बासुकीनाथ धाम जा रहे थे। इसी दौरान मस्जिद चौक के पास खड़े ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सन्हौला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां जांच के बाद कृष्णानंद साह की हालत काफी गंभीर पाए जाने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारण सड़क किनारे खड़े ट्रक को जब्त कर लिया है।