भागलपुर: सरस्वती शिशु मंदिर में नवनिर्मित तरण ताल और खेल उपकरणों का भव्य उद्घाटन
भागलपुर के पूरणमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर में बच्चों के लिए नए स्विमिंग पूल और खेल उपकरणों का उद्घाटन किया गया।

भागलपुर के पूरणमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर में शनिवार को बच्चों के लिए खुशी का दिन रहा। विद्यालय परिसर में नवनिर्मित तरण ताल (स्विमिंग पूल), झूलों और स्लाइडर का भव्य उद्घाटन किया गया, जिससे अब नन्हे छात्रों को खेल और मनोरंजन के आधुनिक साधन मिलेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत संगठन मंत्री ख्यालीराम, प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, विभाग निरीक्षक सतीश कुमार सिंह और उपाध्यक्ष डॉ. मधुसूदन झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और श्रीफल फोड़कर की। इस मौके पर विद्यालय के कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे, जिन्होंने बच्चों के लिए इन सुविधाओं के विस्तार की सराहना की।
खेल और शिक्षा का समन्वय
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए संगठन मंत्री ख्यालीराम ने कहा कि खेलकूद केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि शिक्षा और शिक्षण का एक अनिवार्य हिस्सा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बच्चे खेल-खेल में बहुत कुछ सहजता से सीख जाते हैं, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है।
वहीं, प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने कहा कि वाटिका और शिशु खंड के छोटे बच्चों के लिए तरण ताल, स्लाइडर और झूले मनोरंजन का बेहतरीन जरिया बनेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि ये आधुनिक खेल उपकरण बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में काफी मददगार साबित होंगे।
इस अवसर पर भागलपुर विभाग के सभी प्रधानाचार्य, विद्यालय के शिक्षक, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा और मनोज तिवारी सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।